शिवपुरीः मानसिक प्रताड़ना से छात्रा की आत्महत्या मामले में चार आरोपी गिरफ्तार
शिवपुरी, 28 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिला अंतर्गत पिछोर थाना क्षेत्र के ग्राम पनिहारी में छात्रा की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें उप जेल पिछोर भेज दिया गया।
पुलिस ने रविवार को जानकारी दी कि गत 25 जून को ग्राम पनिहारी निवासी अंगूरी बाई लोधी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी पुत्री को रामवीर लोधी, सत्यम लोधी, राहुल लोधी एवं सतीश लोधी ने लाइब्रेरी में जाकर धमकाया, उसका मोबाइल फोन छीन लिया, सिम कार्ड तोड़ दिया तथा मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। शिकायत में यह भी कहा गया कि उक्त युवक पहले भी उनकी पुत्री को परेशान कर चुके थे। मानसिक तनाव से आहत होकर छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। रिपोर्ट के आधार पर थाना पिछोर में अपराध क्रमांक 306/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 107 एवं 3(5) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीब मुले एवं एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में गठित टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पूछताछ के दौरान रामवीर लोधी ने बताया कि उसका मृतका से लगभग दो माह से मोबाइल पर संपर्क था। इसी दौरान अंशुल उर्फ अंश लोधी को इसकी जानकारी हुई और मोबाइल को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ।
पुलिस के अनुसार, विवेचना में यह तथ्य सामने आया कि मृतका को यह आशंका थी कि अंशुल उसके अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी दे रहा है। इसी मानसिक दबाव के चलते उसने आत्मघाती कदम उठाया। जांच के बाद पुलिस ने रामवीर लोधी (19), सत्यम लोधी (20), सतीश लोधी (22) तथा अंशुल उर्फ अंश लोधी (20) को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने अपराध में अपनी भूमिका स्वीकार की। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में उप जेल पिछोर भेज दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / युगल किशोर शर्मा

