शिवपुरी : 12वीं की छात्रा की संदिग्ध मौत मामले में चार युवकों पर केस दर्ज, पुलिस कर रही जांच
शिवपुरी, 25 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के पिछोर थाना क्षेत्र में 12वीं कक्षा की एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। यह कार्रवाई मृतका की मां द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर की गई है। परिजनों ने छात्रा को मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाते हुए मौत को लेकर गंभीर आशंका जताई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पनिहारी निवासी 17 वर्षीय शिल्पी लोधी पिछोर में रहकर कक्षा 12वीं की पढ़ाई कर रही थी। वह तहसील मोहल्ला स्थित एक किराए के कमरे में निवास करती थी। बुधवार रात उसका शव कमरे में फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही पिछोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुरुवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई गई।
मृतका की मां अंगूरी बाई लोधी ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि घटना से कुछ घंटे पहले उनकी बेटी ने फोन पर बताया था कि रामवीर लोधी, सत्यम लोधी, राहुल लोधी और सतीश लोधी लाइब्रेरी पहुंचे थे। आरोप है कि वहां उन्होंने छात्रा को धमकाया, उसका मोबाइल फोन छीन लिया और सिम कार्ड तोड़ दिया। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि उक्त युवक पहले भी छात्रा को परेशान करते रहे थे।
परिजनों का कहना है कि घटना वाले दिन शाम के समय एक परिचित व्यक्ति ने शिल्पी को दो अन्य लोगों के साथ एक अपाचे मोटरसाइकिल पर जाते हुए देखा था। परिवार का आरोप है कि लगातार मानसिक दबाव और प्रताड़ना के कारण छात्रा ने यह कदम उठाया होगा। वहीं परिजनों ने मामले में हत्या की आशंका भी व्यक्त की है और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस ने मृतका की मां की शिकायत के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 107 तथा 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही है।
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), घटनास्थल से प्राप्त साक्ष्य, मोबाइल संबंधी जानकारी तथा अन्य तथ्यों का गहन परीक्षण किया जा रहा है। जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पिछोर थाना पुलिस का यह भी कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष और गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने और सभी साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद ही छात्रा की मौत के वास्तविक कारणों को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष निकाला जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की हर संभावित दिशा में जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / युगल किशोर शर्मा

