home page

शिवपुरी: सड़क किनारे मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

 | 
शिवपुरी: सड़क किनारे मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका


शिवपुरी, 20 जुलाई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के शिवपुरी शहर के नोहरी क्षेत्र में सड़क किनारे मिले एक युवक के शव की पहचान सोमवार को ईटमा गांव निवासी 40 वर्षीय भरत रावत पुत्र बालकिशन रावत के रूप में हुई। परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

कोतवाली पुलिस के अनुसार रविवार देर रात नोहरी स्थित कंजर डेरे के पास सड़क किनारे एक युवक के पड़े होने की सूचना मिली थी।

पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रात में उसकी पहचान नहीं हो सकी थी।

सोमवार सुबह परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां शव की पहचान भरत रावत के रूप में की गई। मृतक के भाई हिमाचल रावत ने बताया कि भरत शनिवार सुबह सब्जियां लेकर शिवपुरी मंडी आया था, लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटा। प्रारंभ में परिजनों ने सोचा कि वह किसी रिश्तेदार के यहां चला गया होगा, लेकिन बाद में उसके शव मिलने की सूचना मिली।

मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि भरत की हत्या की गई है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

उधर, मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारणों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / युगल किशोर शर्मा