home page

सिंध नदी में अवैध उत्खनन पर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार

 | 
सिंध नदी में अवैध उत्खनन पर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार


शिवपुरी, 26 जून (हि.स.)।

मध्य प्रदेश में जिला शिवपुरी कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध जिला प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में बदरवास तहसील के ग्राम सड़बूड़ स्थित सिंध नदी क्षेत्र में राजस्व, पुलिस एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

तहसीलदार सचिन भार्गव द्वारा क्षेत्र भ्रमण के दौरान सिंध नदी के समीप शासकीय भूमि पर हाइड्रा एवं ट्रैक्टर-ट्रॉली से अवैध मिट्टी उत्खनन किया जाना पाया गया। कार्रवाई के दौरान लाखन यादव, जयमंडल यादव एवं विकुल यादव ने शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करते हुए राजस्व अमले के साथ अभद्रता और धमकी दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए तीनों के विरुद्ध तत्काल पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।

कलेक्टर के निर्देश पर गठित संयुक्त दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लाइसेंसी शस्त्र भी जब्त किए गए हैं तथा उनके शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

संयुक्त टीम ने अवैध उत्खनन में उपयोग किए जा रहे मार्ग को जेसीबी से बंद कराया तथा शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाकर भूमि को मुक्त कराया। मौके पर लगभग 6000 वर्गमीटर क्षेत्र में अवैध उत्खनन तथा करीब 40 घनमीटर अवैध रेत भंडारण पाया गया, जिसे तत्काल नष्ट कराया गया। साथ ही अवैध उत्खनन में प्रयुक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर थाना बदरवास की अभिरक्षा में रखा गया है।

प्रकरण में मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन, शासकीय भूमि पर अतिक्रमण, तथा शासकीय कार्य में बाधा या अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ अभद्रता करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / युगल किशोर शर्मा