शिवपुरीः सिकंदरा बैरियर पर महिला टीएसआई सहित स्टाफ से मारपीट, 8 नामजद सहित 10 पर मामला दर्ज
शिवपुरी, 9 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश में शिवपुरी जिले के करैरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिकंदरा बैरियर पर परिवहन विभाग की महिला टीएसआई और स्टाफ के साथ मारपीट एवं लूटपाट का मामला सामने आया है। पुलिस ने गुरुवार को इस मामले में 8 नामजद सहित 10 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, परिवहन विभाग में पदस्थ टीएसआई सुमन दीक्षित ने शिकायत दर्ज कराई है कि ड्यूटी के दौरान कुछ आरोपियों ने उनके साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की। आरोप है कि हमलावरों ने तोड़फोड़ करते हुए नगदी व सामान भी लूट लिया।
घटना सिकंदरा बैरियर पर आरटीओ ऑफिस के पास शासकीय आवास के नजदीक की बताई गई है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में राजगुरु यादव उर्फ छोटे यादव सहित अन्य आरोपियों को नामजद किया गया है, जबकि दो आरोपी अज्ञात हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं 221, 121(1), 331(6), 74, 191(3), 309(6), 351(2), 296(बी) आदि के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी के निर्देशन में मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / युगल किशोर शर्मा

