home page

शिवपुरी : सलैया में रास्ते के विवाद को लेकर महिला को गोली मारी , गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर

 | 
शिवपुरी : सलैया में रास्ते के विवाद को लेकर महिला को गोली मारी , गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर


शिवपुरी, 27 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के अमोला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सलैया में शुक्रवार दोपहर रास्ते के विवाद को लेकर एक महिला को गोली मारने की घटना सामने आई है। घायल महिला को गंभीर अवस्था में जिला चिकित्सालय से मेडिकल कॉलेज शिवपुरी रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार ग्राम सलैया निवासी सुघरसिंह लोधी ने पड़ोस में रहने वाली रानी सेन (पत्नी देवेंद्र सेन) को रास्ते के विवाद के चलते गोली मार दी। गोली लगने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से घायल महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज शिवपुरी भेज दिया गया।

मामले में एसडीओपी डॉ. आयुष जाखड़ ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, हालांकि पुलिस स्थिति पर सतत निगरानी बनाए हुए है।

हिन्दुस्थान समाचार / युगल किशोर शर्मा