शिवपुरीः सार्वजनिक स्थानों पर उत्पात करने वालों पर कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, 13 गिरफ्तार
शिवपुरी, 22 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में आमजन की सुरक्षा और सार्वजनिक स्थलों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों से उत्पात कर लोगों में भय का माहौल पैदा करने वाले 13 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस द्वारा शनिवार को जानकारी दी गई कि 21 अगस्त की रात जेल के पास बड़ौदी, कमलागंज, गांधी पार्क, लालमाटी और पुराने रेलवे स्टेशन सहित अन्य स्थानों पर उत्पात की सूचना मिलने पर पुलिस टीमों ने तत्काल दबिश दी। मौके से 13 लोगों को पकड़ा गया। आरोपियों के विरुद्ध धारा 170, 126/135(3) बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति और नगर पुलिस अधीक्षक सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रोहित दुबे के नेतृत्व में की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / युगल किशोर शर्मा

