home page

शिवपुरीः करैरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 52 ग्राम स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार

 | 
शिवपुरीः करैरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 52 ग्राम स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार


शिवपुरी, 03 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश में शिवपुरी जिले के करैरा थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 52 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 10 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस ने शुक्रवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 02 अप्रैल को थाना करैरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम टोरिया के पास एक व्यक्ति स्मैक विक्रय करने के उद्देश्य से खड़ा है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह छावई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। मौके पर एक संदिग्ध युवक काले रंग की बुलेट मोटरसाइकिल पर बैठा मिला, जो पुलिस वाहन को देखकर भागने का प्रयास करने लगा, किंतु घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नीतेश उर्फ भूरा यादव (24) निवासी ग्राम जोहरिया, थाना उदगंवा, जिला दतिया बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 52 ग्राम स्मैक पाउडर तथा एक इलेक्ट्रॉनिक तोल कांटा बरामद किया गया। आरोपी से मादक पदार्थ रखने के संबंध में वैध लाइसेंस प्रस्तुत करने को कहा गया, जो वह नहीं दिखा सका। इस पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 227/26, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बिना नंबर की काले रंग की रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 2 लाख रुपये) तथा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन (कीमत लगभग 10 हजार रुपये) भी जब्त किया है। इस प्रकार कुल जब्ती 12 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह उक्त स्मैक कृतिका (निवासी डैनेडा, करैरा, हाल आईटीआई झांसी) से खरीदकर लाया था। पुलिस द्वारा सह-आरोपी की तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / युगल किशोर शर्मा