करैरा पुलिस ने हाईवे से 32 पेटी अवैध शराब बरामद की, कार छोड़ तस्कर फरार
शिवपुरी, 20 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत करैरा थाना पुलिस को बुधवार को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 32 पेटी अवैध शराब और एक मारुति फ्रॉन्क्स कार जब्त की है। बरामद मशरूका की कुल कीमत करीब 8.60 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भुटिया के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले और एसडीओपी डॉ. आयुष जाखड़ के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद करैरा पुलिस ने हाईवे पर कृष्णा ढाबा के समीप वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया।
चेकिंग के दौरान यूपी नंबर की एक संदिग्ध मारुति फ्रॉन्क्स कार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। तलाशी लेने पर कार से 28 पेटी देशी प्लेन शराब, 2 पेटी देशी मसाला शराब और 2 पेटी बीयर कैन सहित कुल 294 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार जब्त शराब की कीमत करीब 1.60 लाख रुपये और कार की कीमत लगभग 7 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / युगल किशोर शर्मा

