शिवपुरी : करैरा में तेज रफ्तार थार की टक्कर से 5 घायल, विधायक पुत्र पर मामला दर्ज
शिवपुरी, 16 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह तेज रफ्तार थार वाहन की टक्कर से पांच लोग घायल हो गए। मामले में विधायक प्रीतम लोधी के पुत्र दिनेश लोधी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, दतिया जिला निवासी संजय परिहार अपने साथियों आशीष और अंशुल के साथ मोटरसाइकिल से सुबह करीब 7:30 बजे पुलिस सहायता केंद्र करैरा से तहसील की ओर जा रहे थे। उनके आगे सीता वर्मा और पूजा सोनी पैदल चल रही थीं।
इसी दौरान पीछे से आई बिना नंबर की काली महिंद्रा थार, जिस पर “विधायक” की पट्टिका लगी थी, ने मोटरसाइकिल सवारों और पैदल चल रही दोनों युवतियों को टक्कर मार दी। हादसे में पांचों लोग घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया है, जिसमें आरोपित दिनेश लोधी और घायलों के बीच बहस होती दिखाई दे रही है। मामले पर विधायक प्रीतम लोधी ने कहा कि उनके लिए जनता सर्वोपरि है और उन्होंने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई कर पीड़ितों को न्याय दिलाने की अपेक्षा की है।
करैरा थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) धारा 281 एवं 125A के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / युगल किशोर शर्मा

