home page

शिवपुरी में समर्थन मूल्य भुगतान में बड़ा फर्जीवाड़ा, किसानों की रकम संदिग्ध खातों में पहुंची

 | 
शिवपुरी में समर्थन मूल्य भुगतान में बड़ा फर्जीवाड़ा, किसानों की रकम संदिग्ध खातों में पहुंची


शिवपुरी, 30 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं विक्रय करने वाले किसानों के भुगतान में गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। किसानों के बैंक खातों में राशि भेजने के बजाय कथित तौर पर उनकी जानकारी के बिना खोले गए फिनो पेमेंट बैंक के खातों में भुगतान ट्रांसफर किए जाने का खुलासा हुआ है। मामले की शिकायत मिलने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया और जांच शुरू कर दी गई है।

एडीएम दिनेश शुक्ला को जांच सौंपी गई, वहीं प्रशासन की तत्परता से संदिग्ध खातों पर होल्ड लगवाया गया, जिससे कई किसानों की शेष राशि सुरक्षित बचाई जा सकी। शिकायतों के अनुसार सात किसानों के खातों से धनराशि निकाली जा चुकी थी, जबकि एक किसान की पूरी राशि सुरक्षित बच गई।

उल्लेखनीय है कि ऐसे आठ किसानों की शिकायत प्राप्त हुई जिनमें उनकी जानकारी के बिना फ़िनो पेमेंट बैंक में खाता खोला गया है। जिसमें 7 खातों में से किसानों के जमा पैसे निकालकर फ्रॉड किया गया है, लेकिन प्रशासन की तत्परता से तुरंत इन फर्जी खातों पर होल्ड लगवाया गया, जिससे आगे की राशि निकलने से बच गई जिसमें ग्राम सेवडा निवासी किसान मुरारी लाल धाकड के बैंक खाते से 2 लाख 83 हजार 221 रूपए में से 1 लाख 57 हजार 646 रूपए शेष बचे है।

इसी प्रकार विवेकानंद शिवपुरी निवासी किसान सुशीला राजपूत के बैंक खाते से 2 लाख 25 हजार 748 रूपए में से 1लाख 69 हजार 900 रूपए, ग्राम चंदौरिया तहसील कोलारस निवासी पवन दांगी के बैंक खाते से 1 लाख 4 हजार 999 रूपए में से 56 हजार 999 रूपए, ग्राम उमरीखुर्द तहसील पिछोर निवासी रानी तिवारी के बैंक खाते से 52 हजार 774 रूपए में से 28 हजार 874 रूपए, ग्राम राजापुर निवासी किसान अमरसिंह लोधी के बैंक खाते में से 1 लाख 48 हजार 311 रूपए में से 1 लाख 8 हजार 311 रूपए, ग्राम पीरोंठ तहसील बदरवास निवासी मुलाम बाई यादव के बैंक खाते में से 1 लाख 27 हजार 311 रूपए में से 99 हजार 311 रूपए तथा ग्राम बंहटा निवासी किसान विश्व वीर सिंह जाट के बैंक खाते में से 6 लाख 64 हजार 261 रूपए में से 6 लाख 45 हजार 761 रूपए शेष बचे है और एक किसान नफे सिंह पुत्र भालेराम निवासी कोलारस की पूरी धनराशि 1 लाख 58 हजार 811 रूपए उसके खाते में सुरक्षित बच गई।

इस मामले की जांच के लिए पुलिस द्वारा भी जांच की जा रही है। इसके अलावा फिनो पेमेंट बैंक के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही के लिए प्रभारी अधिकारी शिवपुरी, रिजर्व बैंक भोपाल को भी पत्र लिखा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / युगल किशोर शर्मा