home page

शिमला की सब्जी मंडी में दुकान को लेकर दो समुदायों में झड़प, पुलिस तैनात

 | 

शिमला, 23 मार्च (हि.स.)। शिमला की सब्जी मंडी इलाके में सोमवार सुबह एक दुकान को लेकर हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोगों के बीच झड़प का मामला सामने आया है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर दुकान पर कब्जा करने के आरोप लगाए हैं। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। फिलहाल इलाके में एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार विवाद एक दुकान के मालिकाना हक और कब्जे को लेकर शुरू हुआ। किराए पर दुकान चला रहे हिंदू परिवार और उनसे जुड़े लोगों का कहना है कि वे कई दशकों से इस दुकान में काम कर रहे हैं और हर महीने नियमित रूप से किराया देते रहे हैं। उनका आरोप है कि दो दिन पहले एक व्यक्ति ने खुद को दुकान का नया मालिक बताते हुए दुकान खाली करने को कहा और अगले दिन दुकान के शटर पर अपना ताला लगा दिया। परिवार का कहना है कि उन्हें दुकान बिकने की कोई जानकारी नहीं दी गई, जबकि उनसे अब भी किराया लिया जा रहा है।

घटना की जानकारी मिलने पर कुछ हिंदू संगठनों के लोग भी मौके पर पहुंच गए। उनका आरोप है कि मुस्लिम समुदाय के लोगों ने जबरन दुकान पर कब्जा करने की कोशिश की और इस दौरान मारपीट भी हुई। इसी दौरान नारेबाजी भी हुई और दुकान से कुछ सामान बाहर निकाल दिया गया, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया।

वहीं दूसरी ओर मुस्लिम पक्ष का कहना है कि उन्होंने वर्ष 2023 में दुकान को उसके मालिक से खरीद लिया था। उनका आरोप है कि दुकान में बैठे परिवार को पहले ही छह महीने का समय देकर दुकान खाली करने के लिए कहा गया था, लेकिन तीन साल बीत जाने के बाद भी दुकान खाली नहीं की गई। उनका यह भी कहना है कि कई बार नोटिस देने के बावजूद दुकान खाली नहीं की गई और इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा