home page

श्योपुरः खेत पर काम के दौरान अंधाधुंध फायरिंग, सरपंच समेत कई लोगों को लाठी-डंडों से पीटा

 | 
श्योपुरः खेत पर काम के दौरान अंधाधुंध फायरिंग, सरपंच समेत कई लोगों को लाठी-डंडों से पीटा


श्योपुर, 23 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के ग्राम पनवाड़ा में शनिवार शाम खेत पर काम कर रहे लोगों पर हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग और मारपीट कर दी। स्कॉर्पियो वाहन से आए हमलावरों ने ग्राम सरपंच सहित अन्य लोगों को लाठी-डंडों से पीटा और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। इस घटना में एक युवक गोली लगने से गंभीर घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, शनिवार की शाम ग्राम पनवाड़ा में एक खेत पर ट्रैक्टर से जुताई का कार्य चल रहा था, तभी एक स्कॉर्पियो वाहन वहां पहुंचा। वाहन में सवार आरोपियों ने उतरते ही करीब सात राउंड फायरिंग की। इस दौरान एक गोली गंगाराम आदिवासी के पेट में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस मामले में हमलावरों की शिनाख्त और उनकी धरपकड़ के प्रयास कर रही है।

फायरिंग के बाद आरोपियों ने खेत पर मौजूद अन्य लोगों को भी निशाना बनाया। हमलावरों ने लाठी-डंडों से हमला कर पनवाड़ा सरपंच रामावतार आदिवासी और उनके भाई बाबूलाल आदिवासी को घायल कर दिया। इस हमले में कुछ अन्य ग्रामीणों को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने किसी तरह भागकर कराहल थाने पहुंचकर पुलिस को आपबीती सुनाई।

सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और गंभीर रूप से घायल गंगाराम को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं। प्राथमिक तौर पर मामला पुरानी रंजिश या भूमि विवाद से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। कराहल थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर तलाश तेज कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर