भखारा की आराध्य देवी शीतला मंदिर में बड़ी चोरी, दानपेटी से लेकर माता के श्रृंगार तक ले उड़े चोर
धमतरी, 26 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के नगर पंचायत भखारा स्थित आस्था के प्रमुख केंद्र शीतला माता मंदिर में सोमवार देर रात हुई चोरी की घटना से पूरे नगर में आक्रोश और चिंता का माहौल है। अज्ञात चोरों ने मंदिर के मुख्य द्वार और गर्भगृह के चैनल गेट का ताला तोड़कर माता के श्रृंगार, सोना-चांदी के आभूषणों सहित दानपेटी में रखी नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार डुमराही तालाब के पास स्थित शीतला माता मंदिर में रात करीब 1:30 बजे चोर दाखिल हुए और सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। मंगलवार सुबह लगभग चार बजे जब मंदिर के बैगा सहदेव निषाद पूजा करने पहुंचे, तब उन्होंने मंदिर के ताले टूटे हुए देखे। घटना की सूचना तत्काल मंदिर समिति और बस्ती पंचायत को दी गई, जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही भखारा थाना प्रभारी शरद ताम्रकार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फारेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में गर्भगृह के बाहर एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया है, जिसके आधार पर पुलिस सुराग जुटाने में लगी हुई है।
चोरी हुए सामान में माता का चांदी का मुकुट, लगभग 30 तोला चांदी, तीन ग्राम सोने की नथली, सोने का लॉकेट, चांदी की कमरपट्टी, पायल सेट, आंख-नयन पट्टी, गुंबज छत्र, सीसीटीवी कैमरा, टीवी सहित दानपेटी में रखी नकदी शामिल है। घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर समिति के अध्यक्ष ताराचंद साहू, सदस्य यीशु माल, सेवकराम साहू सहित समिति के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे। नगर के समाजसेवी डॉ. मोहन हरदेल, टकेश्वर पुरी गोस्वामी, छबिलाल निर्मलकर, बस्ती पंचायत अध्यक्ष दिनेश मंडल और संरक्षक अनिल निर्मलकर ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए पुलिस से जल्द आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की। एक दिन पहले ही कुरूद ब्लॉक के ग्राम मरौद स्थित शीतला मंदिर में भी चोरी की घटना सामने आई थी। लगातार मंदिरों को निशाना बनाए जाने से लोगों में भय और नाराजगी बढ़ गई है। भखारा टीआई शरद ताम्रकार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला स्थानीय या आसपास के चोरों का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द खुलासे का दावा किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

