दरौली में धारदार हथियार से हमला, युवती समेत तीन गंभीर रूप से घायल
सीवान, 10 जुलाई (हि.स.)। जिले के दरौली थाना क्षेत्र के बेलांव गांव में शुक्रवार की देर शाम आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। धारदार हथियार से हुए हमले में एक युवती समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, बेलांव गांव निवासी कैलाश कुशवाहा पर धारदार हथियार से हमला करने का आरोप है। इस हमले में प्रीति कुमारी, सोनू कुशवाहा और छोटेलाल भगत गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रीति कुमारी की गर्दन पर धारदार हथियार से गहरा वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। वहीं, सोनू कुशवाहा के सिर पर हमला किया गया, जबकि छोटेलाल भगत की गर्दन पर भी धारदार हथियार से वार होने से उन्हें गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तीनों घायलों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत चिंताजनक बताते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। प्रभारी थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को मिल गई है। हालांकि, अब तक घायलों के परिजनों की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

