home page

शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 50 लाख का फ्रॉड : पिता- पुत्र पर आरोप, केस दर्ज

 | 
शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 50 लाख का फ्रॉड : पिता- पुत्र पर आरोप, केस दर्ज


जोधपुर, 23 फरवरी (हि.स.)। शहर के कालका माताजी मंदिर के सामने मदेरणा कॉलोनी में रहने वाले एक युवक को शेयर बाजार में अच्छा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 50 लाख का फ्राड कर लिया गया। पीडि़त ने कोर्ट में इस्तगासे के माध्यम से अब माता का थान पुलिस थाने में रिपोर्ट दी है। इसमें पिता पुत्र को नामजद किया गया है। पुलिस उसके बयान के बाद अब अग्रिम पड़ताल आरंभ करेगी।

माता का थान पुलिस ने बताया कि मदेरणा कॉलोनी स्थित कालका माताजी मंदिर के सामने रहने वाले करण सिंह पुत्र प्रेमासिंह की तरफ से कोर्ट में इस्तगासे के जरिए केस दर्ज कराया गया है। इसमें बताया कि वह वर्ष 2022 में रामगोपाल के संपर्क में आया था। जिसने शेयर बाजार में निवेश से अच्छा मुनाफा कमाने के बारे में जानकारी दी। बाद में इसकी बातों में आकर पहले दस हजार, फिर बीस हजार इस तरह रूपए देने लगा। वर्ष 2025 तक आते आते वह 50 लाख रूपए उसे दे दिए गए। मगर ना तो मुनाफा दिया गया और ना ही रकम को वापिस लौटाया गया। वह रकम लौटाने में भी आनाकानी करने लगा। इसमें रामगोपाल के पिता भी शामिल है। दोनों ने मिलकर उसे फ्रॉड का शिकार बनाकर रकम ऐंठ ली। पुलिस ने बताया कि केस दर्ज किया गया है। अग्रिम जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश