home page

रिश्तों को शर्मसार कर फुफेरे भाई ने किया दुष्कर्म, आरोपित गिरफ्तार

 | 
रिश्तों को शर्मसार कर फुफेरे भाई ने किया दुष्कर्म, आरोपित गिरफ्तार


फतेहपुर निवासी युवक को अतर्रा रोड बाईपास से पुलिस ने पकड़ा

बांदा, 24 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में शहर कोतवाली क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि फुफेरा भाई अपनी 15 वर्षीय ममेरी बहन को घुमाने के बहाने खेत में ले गया, जहां उसने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद घर पहुंची किशोरी ने अपनी मां को आपबीती बताई। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी। शनिवार को पुलिस ने उसे अतर्रा रोड बाईपास के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, शहर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी गुरुवार को घर पर अकेली थी। इसी दौरान फतेहपुर जिले के वहीदापुर गांव निवासी उसका फुफेरा भाई अंकित वहां पहुंचा। आरोप है कि वह किशोरी को घुमाने के बहाने खेत की ओर ले गया, जहां उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े तो आरोपी वहां से फरार हो गया।

घर लौटने के बाद किशोरी ने घटना की जानकारी अपनी मां को दी। बेटी की आपबीती सुनकर मां ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मामले में आरोपी अंकित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर किशोरी का चिकित्सकीय परीक्षण कराया। इसके बाद से ही आरोपी की तलाश की जा रही थी।

शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अतर्रा रोड बाईपास के पास मौजूद है और कहीं भागने की फिराक में है। इस पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और उसे गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह ने आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी दी।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह