शालीमार बाग में युवती ने की आत्महत्या, शादी का परिवार ने किया था विरोध
नई दिल्ली, 22 मई (हि.स.)। उत्तर-पश्चिमी जिले के शालीमार बाग इलाके में एक युवती द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। युवती इलाके में केयरटेकर के रूप में काम करती थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डाॅक्टराें ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह शालीमार बाग थाना क्षेत्र में एक युवती के आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में पता चला कि जिस कमरे में युवती मौजूद थी, वह अंदर से बंद था। काफी देर तक कोई गतिविधि नहीं होने पर मकान मालिक को संदेह हुआ। इसके बाद कमरे का दरवाजा तोड़ा गया। कमरे के अंदर युवती अचेत अवस्था में मिली। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया है।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतका की पहचान इलाके में केयरटेकर के रूप में काम करने वाली युवती के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान यह भी जानकारी सामने आई कि मृतका की जान-पहचान आजादपुर निवासी अमित नामक युवक से थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि युवती अमित से विवाह करना चाहती थी, लेकिन स्वजन इस रिश्ते के पक्ष में नहीं थे। प्रारंभिक जांच में विवाह को लेकर परिवार की नाराजगी की बात भी सामने आई है। हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। मृतका के मोबाइल फोन और अन्य परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल, शालीमार बाग थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

