home page

अवैध संबंध के शक में पत्नी के कथित प्रेमी की गला रेतकर हत्या, थाने पहुंचकर आरोपित पति ने किया सरेंडर

 | 
अवैध संबंध के शक में पत्नी के कथित प्रेमी की गला रेतकर हत्या, थाने पहुंचकर आरोपित पति ने किया सरेंडर


नई दिल्ली, 29 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में अवैध संबंध के शक में एक व्यक्ति ने पत्नी के कथित प्रेमी की निर्मम हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपित खुद थाने पहुंचा और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपित के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

उत्तर पश्चिम जिले की पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बुधवार को बताया कि मंगलवार शाम करीब 4:20 बजे इंदिरा कॉलोनी निवासी वीरेंद्र (35) अचानक शालीमार बाग थाने पहुंचा और ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों को बताया कि उसने अपने किरायेदार कन्हैया (29) की हत्या कर दी है। आरोपित के इस खुलासे से पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। इसके बाद पुलिस टीम तुरंत आरोपित को साथ लेकर इंदिरा कॉलोनी स्थित झुग्गी नंबर टी-210 पहुंची। मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने देखा कि कन्हैया का शव झुग्गी के अंदर बिस्तर पर पड़ा था। उसका गला तेजधार हथियार से रेता गया था और शरीर पर चाकू के कई वार के निशान थे। पुलिस ने मौके से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया। आरोपित के कपड़ों पर खून के धब्बे मिले, जिन्हें जब्त कर लिया गया है।

शुरुआती जांच में पता चला है कि वीरेंद्र को लंबे समय से शक था कि उसकी पत्नी और कन्हैया के बीच अवैध संबंध हैं। कन्हैया आरोपित का किरायेदार था और उसी की झुग्गी में रहता था। इसी शक को लेकर दोनों के बीच पहले भी कई बार विवाद हुआ था। मंगलवार को इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद गुस्से में आकर वीरेंद्र ने कन्हैया पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और उसका गला रेत दिया।

वारदात के बाद आरोपित सीधे थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी कब्जे में ली है। शुरुआती जांच में फुटेज से आरोपित की घटनास्थल पर मौजूदगी की पुष्टि हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही क्राइम टीम, एफएसएल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए बाबू जगजीवन राम अस्पताल के शवगृह में भेजा गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपित से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि हत्या पूरी योजना के तहत की गई या अचानक गुस्से में वारदात को अंजाम दिया गया। फिलहाल शालीमार बाग थाना पुलिस संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी