शालीमार बाग में चाकूबाजी के मामले में एक आरोपित गिरफ्तार
नई दिल्ली, 02 मार्च (हि.स.)। उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस ने शालीमार बाग थाना क्षेत्र में हुए जानलेवा हमले के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपित ने अपने साथियों के साथ मिलकर दो सगे भाइयों पर चाकू से हमला किया था। वारदात आपसी रंजिश के चलते की गई थी। घटना के बाद 24 फरवरी को पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जिले की स्पेशल स्टाफ को जांच का जिम्मा सौंपा गया।
पुलिस टीम ने कर्रवाई करते हुए आरोपित सुमित (21) को दबोचा। वह हैदरपुर का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, 23 फरवरी 2026 को दोपहर करीब दो बजे हैदरपुर स्थित जीबीएसएस स्कूल के मैदान में पुरानी रंजिश को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि किशन, सुमित और उनके 3-4 साथियों ने मिलकर 16 वर्षीय अभिषेक और उसके 17 वर्षीय भाई मनीष पर हमला कर दिया।
घटना के दौरान एक आरोपित ने चाकू से दोनों भाइयों पर कई वार किए, जबकि अन्य आरोपितों ने उन्हें पकड़कर जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपित फरार हो गए। घायल भाइयों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उनके शरीर पर धारदार हथियार से लगे गहरे जख्म के बारे में पुलिस को बताया। वहीं पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

