शाजापुर जिला जेल से हत्या के प्रयास का आरोपी फरार, बिजली बंद होते ही दीवार फांदकर भागा, दूसरा कैदी नाकाम
शाजापुर, 15 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शाजापुर जिला जेल से रविवार को सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक सामने आई। हत्या के प्रयास के मामले में बंद एक विचाराधीन कैदी बिजली बंद होने का फायदा उठाकर जेल की दीवार फांदकर फरार हो गया, जबकि उसके साथ भागने की कोशिश कर रहा दूसरा कैदी समय रहते पकड़ लिया गया। पुलिस ने फरार कैदी की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर दी है।
जिला जेल अधीक्षक दुष्यंत परागे के अनुसार, फरार कैदी जयराम उर्फ जीवन नरवरिया (35) निवासी वार्ड क्रमांक-1 मक्सी है। वह रविवार सुबह करीब 11 से 11:30 बजे के बीच जेल की रसोई (पाकशाला) में काम के दौरान भाग निकला।
पाइप और तार के सहारे दीवार फांदी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कैदी ने पानी के पाइप और तार को बांधकर अस्थायी सहारा बनाया और जेल की दीवार फांदकर बाहर निकल गया। उसके साथ बंदी राहुल ने भी भागने की कोशिश की थी, लेकिन वह फरार होने से पहले ही पकड़ा गया। राहुल छेड़छाड़ के मामले में धारा 354 के तहत जेल में बंद है। घटना के समय जेल परिसर में बिजली सप्लाई बंद थी। बिजली लाइन के मेंटेनेंस कार्य के कारण रविवार सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक बिजली बंद रखी गई थी, जिससे सीसीटीवी कैमरे भी काम नहीं कर रहे थे। इसी कारण घटना के समय का फुटेज उपलब्ध नहीं हो सका है। बताया गया है कि घटना के समय प्रहरी ताला लगाकर जा चुका था और दोनों कैदी सभागृह में छिपे हुए थे। मौका मिलते ही उन्होंने भागने की कोशिश की।
4 माह से जेल में था बंद
पुलिस के अनुसार फरार कैदी जीवन उर्फ जयराम के खिलाफ मक्सी थाने में 4 अक्टूबर 2025 को मारपीट और जान से मारने की धमकी का मामला दर्ज हुआ था। बाद में उस पर भारतीय दंड संहिता की धारा 307 (हत्या के प्रयास) के तहत कार्रवाई हुई थी और वह पिछले करीब चार माह से जेल में बंद था।
लालघाटी थाने में दर्ज हुआ मामला
जेल से कैदी के फरार होने की घटना के बाद जेल प्रहरी क्रमांक 252 पकन सिंह तोमर ने साथी प्रहरी धरमसिंह रावत के साथ लालघाटी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार कैदी की तलाश शुरू कर दी है।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
शाजापुर जिला जेल में इससे पहले वर्ष 2010 में भी एक कैदी दीवार फांदकर फरार हो चुका है। ताजा घटना के बाद एक बार फिर जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

