home page

सागर: शाहपुर दोहरे हत्याकांड का पर्दाफाश, दुर्घटना की रची थी साजिश, 2 आरोपी गिरफ्तार

 | 
सागर: शाहपुर दोहरे हत्याकांड का पर्दाफाश, दुर्घटना की रची थी साजिश, 2 आरोपी गिरफ्तार


सागर, 12 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के थाना सानौधा अंतर्गत चौकी शाहपुर क्षेत्र में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने मंगलवार को सुलझा ली। इस वारदात को आरोपियों ने शातिर तरीके से 'सड़क दुर्घटना' बताने की साजिश रची थी, जिसे पुलिस की वैज्ञानिक और सूक्ष्म विवेचना ने विफल कर दिया। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, गत 8 मई की रात करीब 8:30 बजे शाहपुर निवासी सूरज अहिरवार और नीरज प्रजापति के साथ आरोपियों ने रास्ता रोककर मारपीट की थी। आरोपियों को संदेह था कि मृतक शराब बेचते हैं। इसी रंजिश में नीलेश अहिरवार, भगवत पटेल, अंशुल यादव, छोटू उर्फ हर्ष लोधी और अभिषेक पटेल ने लाठी और लोहे की रॉड से उन पर हमला कर दिया। हमले में नीरज प्रजापति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल सूरज अहिरवार ने 10 मई को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने इसे मोड़ देने के लिए घटनास्थल पर साजिश रची। उन्होंने मृतक और घायल की मोटरसाइकिल को बुरी तरह क्षतिग्रस्त किया। अपनी बोलेरो गाड़ी को जानबूझकर सड़क किनारे खंती (गड्ढे) में उतार दिया। मकसद यह था कि पुलिस इसे महज एक सड़क हादसा मानकर फाइल बंद कर दे।

घटनास्थल के बारीकी से निरीक्षण और तकनीकी साक्ष्यों के संकलन के बाद सानौधा पुलिस को दाल में कुछ काला नजर आया। गवाहों से पूछताछ और वैज्ञानिक विश्लेषण के बाद यह साफ हो गया कि यह एक्सीडेंट नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और SC/ST एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

थाना प्रभारी भरत सिंह ठाकुर के नेतृत्व में टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी जिसमें नीलेश अहिरवार को शाहपुर में उसके घर से पकड़ा गया। भागने की कोशिश में वह गिर पड़ा जिससे उसके पैर में चोट आई है। नीलेश पर पहले से 8 मामले दर्ज हैं और वह जिला बदर भी रह चुका है। अंशुल यादव को अमोदा तिराहे के पास से गिरफ्तार किया गया, जब वह राज्य से बाहर भागने की फिराक में था।

इस सफल कार्रवाई में सानौधा थाना प्रभारी निरीक्षक भरत सिंह ठाकुर, उनि बालाराम छारी, सउनि जय सिंह ठाकुर सहित पूरी टीम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे