शहडोल में कार-बाइक की टक्कर में युवती समेत तीन की मौत, ब्यौहारी के बेडरा गांव के पास हुआ हादसा
शहडोल, 16 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई। यहां मानपुर मार्ग स्थित बेडरा गांव के पास तेज रफ्तार कार और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दो युवकों और एक युवती ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। वहीं कार सवार एक व्यक्ति घायल बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, बाइक सवार तीनों युवक-युवती किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान बेडरा गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना ब्यौहारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
भन्नी गांव के निवासी थे मृतक
पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले तीनों लोग ब्यौहारी थाना क्षेत्र के भन्नी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। हालांकि समाचार लिखे जाने तक मृतकों के नाम की पुष्टि नहीं हाे सकी थी। पुलिस ने बताया कि पंचनामा और अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद नामों की पुष्टि की जाएगी।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

