home page

शातिर चोर गिरफ्तार, 40.250 किलोग्राम भारतीय सिक्के बरामद

 | 
शातिर चोर गिरफ्तार, 40.250 किलोग्राम भारतीय सिक्के बरामद


नई दिल्ली, 28 मार्च (हि.स.)। शाहदरा जिले की एएटीएस टीम ने इलाके में सक्रिय एक शातिर चोर व वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से चोरी की स्कूटी, भारी मात्रा में आर्टिफिशियल ज्वेलरी और करीब 40.250 किलोग्राम भारतीय सिक्के बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इस कार्रवाई से चोरी और वाहन चोरी के दो मामलों का खुलासा किया है।

शाहदरा जिले के पुलिस उपायुक्त राजेन्द्र प्रसाद मीणा ने शनिवार को बताया कि हाल के दिनों में शाहदरा इलाके में दोपहिया वाहनों की चोरी की घटनाओं को देखते हुए एएटीएस टीम को सक्रिय किया गया था। टीम ने घटनास्थलों का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय स्तर पर खुफिया जानकारी जुटाई। पुलिस उपायुक्त के अनुसार 26 मार्च को मिली गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने न्यू सीमापुरी स्थित एमसीडी पार्किंग, दिल्ली रोड के पास जाल बिछाया और इमरान उर्फ इरफान उर्फ गजनी (28) को दबोचा। वह न्यू सीमापुरी का रहने वाला है। उसके कब्जे से एक चोरी की स्कूटी और एक ट्रॉली बैग बरामद हुआ, जिसमें आर्टिफिशियल ज्वेलरी और 40.250 किलो भारतीय सिक्के रखे थे। जांच में पता चला कि बरामद स्कूटी मधु विहार थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। पूछताछ में आरोपित ने खुलासा किया कि उसने घरों में चोरी और वाहन चोरी की कई वारदातों को अंजाम दिया है। बरामद ज्वेलरी और सिक्के भी मधु विहार इलाके के एक घर से चोरी किए गए थे। पुलिस के अनुसार, आरोपित कबाड़ी का काम करता है और नशे का आदी है। पहले भी वह तीन चोरी के मामलों में शामिल रह चुका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी