डेटिंग एप से दोस्ती, फिर वीडियो कॉल कर करता था ब्लैकमेल, आरोपित गिरफ्तार
नई दिल्ली, 16 मई (हि.स.)। शाहदरा जिले की साइबर थाना पुलिस ने डेटिंग एप और सोशल मीडिया के जरिए लोगों को जाल में फंसाकर सेक्सटॉर्शन करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में राजस्थान के डीग जिले से एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से दो मोबाइल फोन, 11 सिम कार्ड और करीब 150 अश्लील वीडियो बरामद हुए हैं। पुलिस का कहना है कि इन्हीं वीडियो की मदद से आरोपी देशभर के लोगों को ब्लैकमेल कर रुपये वसूलता था। गिरफ्तार आरोपित की पहचान अरमान (23) निवासी गांव लडामका, डीग, राजस्थान के रूप में हुई है। पुलिस अब उसके अन्य साथियों और गिरोह से जुड़े बैंक खातों की जांच कर रही है।
शाहदरा जिले के पुलिस उपायुक्त राजेन्द्र प्रसाद मीणा ने शनिवार को बताया कि 13 मई को एनसीआरपी पोर्टल पर साइबर वसूली से जुड़ी एक शिकायत मिली थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपितों ने पहले डेटिंग एप के जरिए उससे संपर्क किया और दोस्ती बढ़ाई। इसके बाद पीड़ित को एक अनजान नंबर से वीडियो कॉल की गई। वीडियो कॉल के दौरान आरोपितों ने पहले से रिकॉर्ड अश्लील वीडियो चलाए और पीड़ित को भी अश्लील हरकतें करने के लिए उकसाया। इस दौरान उसकी वीडियो रिकॉर्ड कर ली गई। बाद में उसी वीडियो के आधार पर पीड़ित को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया गया। आरोपी धमकी देने लगे कि यदि रुपये नहीं दिए तो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी जाएगी। डर के कारण पीड़ित ने आरोपितों को करीब एक लाख रुपये दे दिए। इसके बावजूद आरोपित लगातार और रकम मांगते रहे। परेशान होकर पीड़ित ने मामले की शिकायत एनसीआरपी पोर्टल पर की।
शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना में तैनात इंस्पेक्टर श्वेता शर्मा की टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और उन बैंक खातों की जांच की, जिनमें ठगी की रकम ट्रांसफर हुई थी। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस टीम राजस्थान के डीग पहुंची और वहां से आरोपी अरमान को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपित ने अपना अपराध कबूल कर लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

