home page

‘वज्रपात 1.0’ ऑपरेशन: 1000 से ज्यादा शराब की बोतलें जब्त, कई आरोपित पकड़े

 | 
‘वज्रपात 1.0’ ऑपरेशन: 1000 से ज्यादा शराब की बोतलें जब्त, कई आरोपित पकड़े


नई दिल्ली, 19 अप्रैल (हि.स.)। शाहदरा जिला पुलिस ने अपराध पर नकेल कसने के लिए चलाए गए विशेष कॉम्बिंग ऑपरेशन “वज्रपात 1.0” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब, हथियार और असामाजिक तत्वों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। 17 और 18 अप्रैल की दरम्यानी रात को विवेक विहार और सीमापुरी सब-डिवीजन में चलाए गए इस ऑपरेशन के दौरान 1000 से अधिक शराब की बोतलें और क्वार्टर जब्त किए गए, जबकि कई आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की गई।

शाहदरा जिले के पुलिस उपायुक्त राजेन्द्र मीणा ने रविवार को बताया कि इस ऑपरेशन का उद्देश्य अवैध शराब तस्करों, हथियार रखने वालों, जुआरियों, नशा तस्करों और अन्य अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करना था। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि उनकी निगरानी में यह ऑपरेशन चलाया गया। जिसमें स्थानीय पुलिस के साथ स्पेशल स्टाफ, एंटी-नारकोटिक्स सेल, एएटीएस और तकनीकी सर्विलांस यूनिट्स ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया। कार्रवाई के दौरान आनंद विहार थाना क्षेत्र में एक आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज किया गया, जिसमें आरोपी अजय उर्फ लल्लू को अवैध चाकू के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपित क्षेत्र का घोषित बदमाश (बीसी) है।

इसके अलावा अवैध शराब के खिलाफ चलाए गए अभियान में तीन अलग-अलग एक्साइज एक्ट के तहत मामले दर्ज किए गए। आनंद विहार इलाके से 10 देसी शराब के क्वार्टर के साथ अजीत को पकड़ा गया, जबकि एक अन्य मामले में विकास कुमार के कब्जे से 8 शराब की बोतलें बरामद हुईं। सीमापुरी इलाके में विजय नामक आरोपित के पास से 750 देसी शराब के क्वार्टर और 250 अंग्रेजी शराब की बोतलें बरामद की गईं।

इसी क्रम में पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बीएनएसएस के तहत भी कार्रवाई करते हुए चार लोगों दीपक, मिराजुद्दीन, विकास उर्फ विक्की और राकेश कुमार के खिलाफ निवारक कदम उठाए। वहीं दिल्ली पुलिस एक्ट के तहत भानु प्रताप सिंह, कुनाल उर्फ उज्जवल, बादल, सुरेश राही और अंकित के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि इस ऑपरेशन के जरिए इलाके में अपराधियों के नेटवर्क को बड़ा झटका दिया गया है और अवैध गतिविधियों की सप्लाई चेन को तोड़ा गया है। साथ ही इलाके में पुलिस की मौजूदगी बढ़ने से आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी