पहले इंस्टाग्राम पर की दोस्ती, फिर शादी का वादा कर किया शारीरिक शोषण
- गर्भवती होने पर आरोपित ने पीड़िता का दो बार गर्भपात भी कराया
मुरादाबाद, 02 अक्टूबर (हि.स.)। मुरादाबाद महानगर के कटघर थाना क्षेत्र की रहने वाली 24 वर्षीय युवती ने मथुरा निवासी सतेंद्र सिंह पर इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद शादी का वादा कर शारीरिक शोषण करने और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर शादी से इन्कार करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपित सतेंद्र, उसके माता-पिता समेत नौ लोगों के खिलाफ शुक्रवार को रिपोर्ट दर्ज कर ली।
पीड़िता ने मझोला थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि दिसंबर 2024 में मझोला क्षेत्र में किराये के मकान में रहती थी। इसी दौरान इंस्टाग्राम के जरिये उसकी दोस्ती मथुरा जिले के अमर कॉलोनी गोला चक्की गोवर्धन चौक निवासी सतेंद्र सिंह से हुई थी।
इसके बाद आरोपित मझोला के ढक्का कुंदनपुर में किराये पर रहने लगा और कमरे पर बुलाकर शादी का वादा कर उसका शारीरिक शोषण किया। साथ ही उसका अश्लील वीडियो बना लिया। बाद में वीडियो के जरिये उसे ब्लैकमेल कर अंगूरी फार्म हाउस मथुरा, नमो इन होटल मथुरा, गुरुग्राम, गाजियाबाद के विजय नगर स्थित होटल में ले जाकर दुष्कर्म किया। गर्भवती होने पर आरोपित ने उसका दो बार गर्भपात भी कराया। इसकी शिकायत पीड़िता ने उसके घर जाकर की तो आरोपी ने अपने पिता पूरन सिंह, मां गोला, मधु, सतेंद्र के बहनोई, रामवीर, ममता, वीरेंद्र और वीरेंद्र के पिता ने पीड़िता के साथ मारपीट की और उसे धमकी देकर घर से निकाल दिया।
सिविल लाइन सर्किल के पुलिस क्षेत्राधिकारी भास्कर कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर आज नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम मथुरा भेजी जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

