home page

काम दिलाने के बहाने नाबालिग से यौन शोषण के तीन आराेपित गिरफ्तार

 | 
काम दिलाने के बहाने नाबालिग से यौन शोषण के तीन आराेपित गिरफ्तार


कांकेर, 29 अगस्त (हि.स.)।कांकेर जिले के बड़गांव थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिकाओं के यौन शोषण के मामले में पुलिस ने आज शनिवार काे तीन आराेपितों व्यंकटेश्वर नायक (22वर्ष ), पुनीत जैन (21वर्ष ) और कन्हैया दास वैष्णव (30वर्ष ) निवासी करेंगांव, थाना सिकसोड़ को गिरफ्तार किया है। आराेपितों पर काम दिलाने के बहाने बालिकाओं के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है।

इस मामले में 25 अगस्त को एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग बेटी और उसकी सहेली के लापता होने की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज कराई थी।रिपाेर्ट पर बड़गांव थाने में आराेपितों के खिलाफ अपराध क्रमांक 24/2026 के तहत बीएनएस की धारा 137 (2), 64(1), 65(1), 3(5) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत दर्ज किया गया था ।मामले में बड़गांव पुलिस ने विशेष टीम बनाकर आराेपितों के संभावित ठिकानों पर दबिश देकर तीनों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार परिजनों ने दोनों को स्कूल,आस-पास एवं रिश्तेदारों के यहां तलाश किया, लेकिन उनका पता नहीं चला। 27 अगस्त को दोनों बालिकाएं सुरक्षित घर लौट आईं। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस टीम उनके घर पहुंची और उनसे पूछताछ की। बालिकाओं ने बताया कि वे काम की तलाश में बस से केवटी गई थीं। पुलिस की पूछताछ में पता चला कि पुनीत जैन और व्यंकटेश्वर नायक ने उन्हें काम दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद दोनों को भानुप्रतापपुर और फिर करेंगांव ले गए। पुलिस के अनुसार वहां दोनों आराेपितों और उनके साथी कन्हैया दास वैष्णव ने बालिकाओं के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने तीनों आराेपितों को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे