home page

शादी का झांसा देकर युवती से अनाचार, आरोपित गिरफ्तार

 | 
शादी का झांसा देकर युवती से अनाचार, आरोपित गिरफ्तार


जांजगीर-चांपा, 04 अक्टूबर (हि. स.)। शादी का झांसा देकर युवती से जबरन अनाचार करने के मामले में चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आज आरोपित अभिषेक सागर (21) निवासी देवरी, थाना सारागांव, जिला जांजगीर-चांपा को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपित और पीड़िता की पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के माध्यम से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और आरोपित ने युवती से प्रेम संबंध होने तथा उससे शादी करने का भरोसा दिलाया। आरोप है कि इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपित ने युवती के साथ जबरन अनाचार किया।

पीड़िता की शिकायत पर चांपा थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध क्रमांक 490/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने पीड़िता के बयान सहित मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों को संकलित किया। जांच में सामने आए तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपित अभिषेक सागर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपित को गिरफ्तार करने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की विवेचना आगे भी जारी है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय, के निर्देशन में चांपा थाना पुलिस द्वारा की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला संबंधी अपराधों में शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपिताें के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT