मुरादाबाद : होटल में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, तीन महिला सहित 14 गिरफ्तार
मुरादाबाद, 22 मार्च (हि.स.)। मुरादाबाद के सदर कोतवाली क्षेत्र में रविवार को देह व्यापार गिरोह का खुलासा हुआ। कोतवाली पुलिस ने मामले में तीन महिलाओं सहित 14 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। होटल का मालिक मौके से फरार हो गया।
पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि सदर कोतवाली इलाके के बुध बाजार चौकी इलाके में बने 'शेरे पंजाब' होटल में लंबे समय से अवैध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। इस सूचना के आधार पर क्षेत्राधिकारी सुनीता ढहिया और थाना प्रभारी राजेश कुमार की संयुक्त टीम ने आज होटल में छापेमारी की। जहाँ से तीन महिलाओं समेत कुल 14 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। होटल का मालिक मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार महिलाओं में दो दिल्ली और एक गोरखपुर की रहने वाली हैं।
एसपी सिटी ने आगे बताया कि पूछताछ में खुलासा हुआ है कि इस पूरे रैकेट का मास्टरमाइंड राहुल गुप्ता है, जिसने होटल को बाकायदा कॉन्ट्रैक्ट पर लेकर उसे देह व्यापार के अड्डे में तब्दील कर दिया था। होटल में बाहरी जनपदों दिल्ली से महिलाओं को बुलाकर अवैध गतिविधियां कराई जा रही थी। वहीं मुख्य अभियुक्त द्वारा ग्राहकों को बुलाकर अनैतिक कृत्य कराए जाते थे तथा महिलाओं को लालच दबाव देकर इस कार्य में संलिप्त किया जाता था।
पुलिस अधीक्षक कुमार रणविजय सिंह के अनुसार राहुल गुप्ता के तार देश के विभिन्न राज्यों (पैन-इंडिया) से जुड़े हुए हैं, और आरोपित एक बड़े नेटवर्क के जरिए मोबाइल फोन के माध्यम से महिलाओं और ग्राहकों को यहाँ बुलाता था। कोतवाली पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है। पुलिस ने मास्टरमाइंड राहुल गुप्ता सहित सभी आरोपितों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है और होटल के लाइसेंस को लेकर भी जांच शुरू कर दी गई है।
गिरोह का खुलासा करने वाले में सीओ कोतवाली सुनीता ढहिया, सदर कोतवाल राजेश कुमार सिंह के अलावा एएचटीयू के प्रभारी निरीक्षक जवाहरलाल वर्मा, बुध बाजार चौकी इंचार्ज सुनीता चौधरी, नई बस्ती चौकी प्रभारी गौरव कुमार, उप निरीक्षक महावीर सिंह, सब इंस्पेक्टर मनोज त्यागी, एएचटीयू उपनिरीक्षक महेश भारद्वाज व रोकी रानी शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

