सेवक रोड हिट-एंड-रन मामला : एक गिरफ्तार, कार जब्त
सिलीगुड़ी, 23 फरवरी (हि. स.)। सेवक रोड पर हुए हिट-एंड-रन मामले में सिलीगुड़ी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घटना में शामिल कार का पता लगा लिया है और एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान देबांग्शु पाल चौधरी के रूप में हुई है, जो एक पेट्रोल पंप मालिक का बेटा बताया जा रहा है। सोमवार को डीसीपी ट्रैफिक काजी शमसुद्दीनी अहमद ने पत्रकार सम्मेलन कर इसकी जानकारी दी।
डीसीपी के अनुसार, 19 फरवरी की रात शहर के सेवक रोड पर एक कार ने युवती और एक युवक को जोरदार टक्कर मार फरार हो गया था। घटना में घायल युवक की मौत हो गई थी। जबकि युवती गंभीर हालत में अब भी अस्पताल में भर्ती है। घटना सामने आते ही जांच शुरू की गई। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वाहन की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

