चोरी के मोबाइल खरीदकर दिल्ली में बेचने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के सात अपराधी गिरफ्तार, 939 मोबाइल बरामद
जौनपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले की बक्शा थाना पुलिस ने शनिवार काे चोरी के मोबाइल फोन खरीदकर उनके पार्ट्स अलग-अलग कर उन्हें असेंबल करने के बाद दिल्ली में बेचने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के सात अपराधियाें काे गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 939 मोबाइल फोन, 272 सिम कार्ड, 40 बोरी मोबाइल स्क्रैप पार्ट्स, 24 हजार रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद मोबाइल फोन में 134 एंड्रॉयड और 805 की-पैड फोन शामिल हैं।
शनिवार को मामले का खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सौरभ गुप्ता और कामेश गुप्ता निवासी उमरपुर शिवगुलामगंज, बक्शा (जौनपुर), संजय सिंह निवासी कानपुर देहात, अजय नायक निवासी औरैया, अखिलेश नायक निवासी कन्नौज, संजय सिंह निवासी कानपुर देहात और हसीम खान उर्फ वसीम निवासी मेरठ के रूप में हुई है।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे चोरी और अन्य माध्यमों से प्राप्त मोबाइल फोन कम कीमत पर खरीदते थे। बड़ी संख्या में मोबाइल एकत्र होने पर उन्हें सौरभ और कामेश के किराये के मकान में रखा जाता था। इसके बाद पुराने और खराब मोबाइलों के मदरबोर्ड, डिस्प्ले, कैमरा सहित उपयोगी पार्ट्स अलग कर उन्हें असेंबल किया जाता था। तैयार मोबाइल फोन हसीम खान उर्फ वसीम के माध्यम से दिल्ली में अलग-अलग लोगों को बेचे जाते थे। अभियुक्तों के पास इन मोबाइल फोन की खरीद से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या रसीद नहीं मिली।
पुलिस को आशंका है कि बरामद मोबाइल फोन, सिम कार्ड और उनके पार्ट्स का इस्तेमाल साइबर अपराध तथा ऑनलाइन ठगी में किया जा सकता था। सिम कार्ड, आईएमईआई और डिजिटल डेटा की तकनीकी जांच कराई जा रही है, ताकि साइबर अपराध से जुड़ी संभावित कड़ियों का पता लगाया जा सके। इस मामले में थाना बक्शा में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

