बंद घरों को निशाना बनाने वाले सात सदस्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश
किशनगंज, 22 नवंबर (हि.स.)। शहर के खगड़ा माछमारा स्थित एक साल से बंद घर का ताला तोड़कर चोरी करने वाले गिरोह का किशनगंज पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना शमशेर अंसारी उर्फ गोरकी समेत सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
इनमें चोरी का जेवर खरीदने वाला ज्वेलर्स दुकानदार मनोज सोनार और चोरी का सामान खरीदने वाला मो. सुभान भी शामिल है। गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर चोरी के जेवरात, दो एलईडी टीवी, एक इन्वर्टर और एक बैटरी बरामद की गई है। रविवार को एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज ने अपने कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि 14 नवंबर की रात खगड़ा माछमारा निवासी शाहिद अफरीदी के एक साल से बंद घर का ताला तोड़कर चोरों ने अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात, टीवी, इन्वर्टर और बैटरी चोरी कर ली थी।
पीड़ित के आवेदन पर किशनगंज थाना कांड संख्या 1248/26, दिनांक 14 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए)/331(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ-1 खुशरू सिराज के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। 21 नवंबर को पुलिस ने गिरोह के सरगना शमशेर अंसारी उर्फ गोरकी को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में उसने सात सदस्यीय गिरोह के सक्रिय होने की जानकारी दी। गिरोह के सदस्य दिन में घूमकर लंबे समय से बंद घरों की पहचान करते थे और रात में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। सरगना की निशानदेही पर मो. सज्जाद, अरमान अंसारी, छोटू अंसारी और शकील रहमान को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, चोरी के जेवर खगड़ा स्थित मनोज ज्वेलर्स के संचालक मनोज सोनार को बेचे गए थे।
जेवर गलाकर स्वपनीलराजे दुकान में बेच दिए गए थे। वहां से 78 ग्राम गला हुआ चांदी और दो ग्राम गला हुआ सोना बरामद किया गया। वहीं, मो. सुभान के घर से एक एलईडी टीवी, इन्वर्टर और बैटरी बरामद हुई। दूसरा टूटा हुआ टीवी माछमारा के पास पुराने खंडहर से मिला। पुलिस अब गिरोह की अन्य चोरी की घटनाओं में संलिप्तता और गिरफ्तार आरोपितों के आपराधिक इतिहास का पता लगा रही है। छापेमारी में किशनगंज थाना और जिला आसूचना इकाई के पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

