इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन गेट के सामने नकाबपोश बदमाशों ने बंदूक की नोक पर सात गैस सिलेंडर लूटे
कोरबा, 15 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस की अलसुबह करीब 4 बजे इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) के गेट के सामने बंदूक की नोक पर गैस सिलेंडर लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है।
स्कॉर्पियो वाहन में सवार 4-5 नकाबपोश बदमाशों ने गैस सिलेंडर से भरे ट्रक को रोककर चालक की कनपटी पर कथित तौर पर बंदूक तान दी और जान से मारने की धमकी देकर ट्रक से सात भरे हुए गैस सिलेंडर लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन से गैस सिलेंडर लेकर ट्रक क्रमांक 5764 बिरला की ओर जा रहा था। इसी दौरान स्कॉर्पियो में सवार 4-5 युवक ट्रक के पास पहुंचे। सभी ने चेहरे पर नकाब बांध रखा था। ट्रक चालक के अनुसार, बदमाशों में से एक ने उसकी कनपटी पर बंदूक तान दी और आवाज करने पर जान से मारने की धमकी दी।
बदमाशों के भय से चालक चुप रहा। इसके बाद आरोपियों ने ट्रक से सात भरे हुए गैस सिलेंडर निकाले और उन्हें स्कॉर्पियो में लोड कर मौके से फरार हो गए। चालक के मुताबिक बदमाशों के पास बंदूक के अलावा तलवार भी थी।
घटना की सूचना मिलते ही दर्री पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही घटना में इस्तेमाल स्कॉर्पियो और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर तड़के हुई इस वारदात ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। हथियारबंद बदमाशों द्वारा इस तरह की वारदात को अंजाम दिए जाने से लोगों में भय का माहौल है। फिलहाल दर्री पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

