बिहार के कोचाधामन में 85 मवेशियों के साथ सात पशु तस्कर गिरफ्तार
किशनगंज, 21 जुलाई (हि.स.)। बिहार में किशनगंज जिले के कोचाधामन सेप्रभारी पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला के निर्देश पर अवैध पशु तस्करी के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
कोचाधामन थाना क्षेत्र के एनएच-327ई पर सोमवार देर रात विशेष टीम ने छापेमारी कर तीन वाहनों से अवैध रूप से ले जाए जा रहे 85 मवेशियों को बरामद किया तथा सात अंतरजिला पशु तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने दो पिकअप वैन और एक डीसीएम कंटेनर वाहन भी जब्त किया है। पुलिस के अनुसार अवैध पशु तस्करी की सूचना मिलने पर प्रभारी एसपी ने तत्काल विशेष टीम का गठन किया।
गठित टीम ने कोचाधामन थाना पुलिस के सहयोग से एनएच-327ई पर वाहन जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान दो पिकअप वैन से 29 मवेशी बरामद किए गए और तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया। वहीं एक डीसीएम कंटेनर वाहन से 56 मवेशी बरामद कर चार अन्य तस्करों को दबोच लिया गया।
इस तरह कुल 85 मवेशियों को तस्करी से मुक्त कराया गया। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने बताया कि बरामद मवेशियों को नालंदा, नवगछिया और सुपौल से लाकर किशनगंज जिले के अर्राबाड़ी और पोठिया थाना क्षेत्र स्थित बूचड़खानों एवं फैक्ट्री में बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था।
पुलिस द्वारा खरीद-बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगने पर आरोपी कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। जांच में यह भी पाया गया कि वाहनों में क्षमता से अधिक मवेशियों को क्रूरतापूर्वक भरकर ले जाया जा रहा था।
गिरफ्तार आरोपितों में नालंदा निवासी अशोक रजक और मोहम्मद अनवर, भागलपुर निवासी मोहम्मद अब्बास, खगड़िया निवासी कारे मंसूरी, कटिहार निवासी मोहम्मद सद्दाम व मोहम्मद जहांगीर तथा अररिया निवासी मोहम्मद साकिर आलम शामिल हैं।
कोचाधामन थाना में आरोपितों के विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम एवं अन्य सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मंगलवार को प्रभारी एसपी हरिमोहन शुक्ला ने बताया कि जिले में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, अवैध शराब, मादक पदार्थ, अवैध लॉटरी और पशु तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

