home page

खेत में ट्रैक्टर चलाने को लेकर खूनी संघर्ष मामले में सात गिरफ्तार

 | 
खेत में ट्रैक्टर चलाने को लेकर खूनी संघर्ष मामले में सात गिरफ्तार


बहराइच, 10 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में खेत में ट्रैक्टर चलाने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मारपीट में घायल एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में रामगांव पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चार लाठी-डंडे भी बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, नौ नवंबर को रामगांव थाना क्षेत्र के मुरई पुरवा गांव में खेत में ट्रैक्टर चलाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया, जिसमें कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर रामगांव पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। इलाज के दौरान वादिनी आशिया बेगम के पति की मौत हो गई।

घटना के संबंध में रामगांव थाने में मुकदमा अपराध संख्या 403/2026 के तहत बीएनएस की धारा 191(2), 190, 115(2), 352, 351(3) और 105 में मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी रामगांव दिवाकर तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू की।

थाना प्रभारी रामगांव दिवाकर तिवारी ने बताया कि विवेचना और साक्ष्य संकलन के बाद पुलिस ने मंगलवार को सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में मुबारक अली, जकवात अली, दौलत अली उर्फ लड्डन, जुनाब अली, जैनब बेगम, नसीमुन निशा उर्फ चांदनी और आशिया बेगम शामिल हैं। सभी रामगांव थाना क्षेत्र के मुरई पुरवा गांव के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल चार लाठी-डंडे बरामद किए हैं। गिरफ्तार सभी आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA