महिला से अफेयर की रंजिश में मोहपाल के सरपंच की हत्या के सात आरोपित गिरफ्तार
कोंडागांव, 01 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के बड़ेडोंगर थाना क्षेत्र अंर्तगत ग्राम मोहपाल के सरपंच मंगल सिंह मरकाम की हत्या के मामले में पुलिस ने गुरुवार काे सात आरोपिताें को गिरफ्तार किया है।
सरपंच का आरोपिताें के परिवार की एक महिला से अफेयर था। इसी रंजिश में आरोपियों ने सरपंच की हत्या की योजना बनाई। योजना के तहत 29 सितंबर को सरपंच के आने की खबर पर आरोपित पगडंडी मार्ग और नदी किनारे जंगल में छिपकर बैठ गए। सरपंच के वहां पहुंचते ही उन्होंने उसे पकड़कर हाथ, थप्पड़, चप्पल, लोहे के रॉड और डंडे से पीटा। आरोपिताें ने सरपंच के हाथ बांधकर दोबारा मारपीट की और उसे 60 मीटर दूर ले जाकर शव काे कंबल से ढंक दिया। वे रातभर आग जलाकर वहीं रहे और सुबह फरार हो गए थे। जांच के बाद पुलिस ने 01 अक्टूबर को सभी सातों आरोपिताें को गिरफ्तार कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भिजवा दिया है। हत्या में इस्तेमाल डंडा और लोहे का रॉड बरामद कर लिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 30 सितंबर 2026 की सुबह 8:30 बजे बड़ेडोंगर पुलिस को सूचना मिली कि मोहपाल के वर्तमान सरपंच मंगल सिंह मरकाम की अज्ञात व्यक्तियों द्वारा मारपीट कर हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही एसपी पंकज चंद्रा के निर्देश पर एएसपी कपिल चंद्रा एवं एसडीओपी फरसगांव अभिनव उपाध्याय के नेतृत्व में एफएसएल टीम, साइबर टीम, थाना बड़ेडोंगर एवं रिजर्व केंद्र की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 103(1), 191(2) एवं 61(2)(क) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपित मिट्ठू राम नेताम के मेमोरेंडम कथन के आधार पर हत्या में प्रयुक्त डंडा एवं लोहे की रॉड बरामद की गई।
जांच के दौरान आरोपित मिट्ठू राम नेताम से पूछ-ताछ में सामने आया कि सरपंच मंगल सिंह मरकाम के आरोपी परिवार की महिला से प्रेम प्रसंग की चर्चा को लेकर पूर्व से रंजिश थी। इसी रंजिश के चलते मिट्ठू राम नेताम, श्रवण कुमार नेताम, अमित कुमार नेताम, लखन नेताम, नब्बू वट्टी, राकेश मंडावी और प्रभु लाल नेताम ने सरपंच की हत्या की योजना बनाई। 29 सितंबर की रात सरपंच के गांव आने की सूचना मिलने पर सभी आरोपित पड़ाड़ी मार्ग एवं नदी किनारे जंगल में घात लगाकर बैठ गए। सरपंच के वहां पहुंचने पर आरोपिताें ने उसे पकड़ लिया और हाथ बांधकर थप्पड़, चप्पल, लोहे की रॉड एवं डंडे से बेरहमी से मारपीट की। मारपीट के बाद आरोपिताें ने सरपंच को बंधक बनाकर अस्पताल ले जाने से पहले ही मौत के घाट उतार दिया। आरोपियों ने उसके हाथ-पैर बांधकर घटनास्थल से करीब 60 मीटर दूर ले जाकर कंबल से ढंक दिया। इसके बाद आरोपित सड़क किनारे आग जलाकर रातभर वहां मौजूद रहे और सुबह 5:30 बजे के बीच मौके से फरार हो गए। सुबह परिजनों को सरपंच काे उपचार के लिए सीएचसी फरसगांव ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले में आराेपित मिट्ठू राम नेताम (45), श्रवण कुमार नेताम (20), अमित कुमार नेताम (20), लखन नेताम (25), नब्बू वट्टी (28), राकेश मंडावी (21) एवं प्रभु लाल नेताम (20) को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपित ग्राम मोहपाल, थाना बड़ेडोंगर के निवासी हैं। आरोपिताें की गिरफ्तारी आज विधिवत की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

