सिवनीः पैसों के लेनदेन के विवाद में 75 वर्षीय वृद्ध की हत्या, जंगल में फेंका शव; आरोपित गिरफ्तार
सिवनी, 22 सिंतबर(हि.स.)। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के कुरई थाना पुलिस ने 75 वर्षीय वृद्ध की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार हत्या का कारण मृतक की जमीन बिक्री से प्राप्त राशि को लेकर चल रहा आर्थिक विवाद सामने आया है।
सिवनी पुलिस के मीडिया अधिकारी देवेन्द्र जायसवाल ने मंगलवार को जानकारी दी कि ग्राम जिरेवाड़ा निवासी द्वारका मेश्राम ने 16 सितंबर 2026 को थाना कुरई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके 75 वर्षीय पुत्र मनीराम मेश्राम 10 सितंबर को दोपहर करीब 12.30 बजे से लापता हैं। काफी तलाश के बाद भी उनका पता नहीं चलने पर अपहरण की आशंका जताई गई थी। मामले में थाना कुरई में अपराध क्रमांक 418/2026, धारा 140(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान 20 सितंबर को ग्राम रमली के जंगल में नालीनुमा स्थान पर प्लास्टिक की बोरी से ढका एक अज्ञात शव बरामद हुआ। मृतक के पुत्र द्वारका मेश्राम और नाती शिवम ने शव की पहचान मनीराम मेश्राम के रूप में की। शव अत्यधिक सड़ी-गली अवस्था में होने के कारण मेडिकल कॉलेज सिवनी की फोरेंसिक विशेषज्ञ टीम से पोस्टमार्टम कराया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि मनीराम मेश्राम को अंतिम बार गांव के ही अखिलेश कावल के साथ देखा गया था। तकनीकी साक्ष्यों और संदेह के आधार पर पुलिस ने ग्राम जिरेवाड़ा निवासी अखिलेश (37) पुत्र अशोक कावल को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस को पूछताछ में आरोपित ने बताया कि मनीराम मेश्राम ने अपनी जमीन 13 लाख रुपये में बेची थी। जमीन की राशि को लेकर मृतक और आरोपी के बीच पैसे के लेनदेन का विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते आरोपी ने मनीराम की हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को रमली के जंगल में फेंक दिया।
पुलिस ने विवेचना एवं प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण में धारा 140(3), 103(1) एवं 238 बीएनएस का इजाफा करते हुए आरोपी अखिलेश कावल को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / रवि सनोदिया

