बांदा में 80 लाख की चोरी का खुलासा, पड़ोसी बाल अपचारी निकली मास्टरमाइंड
बांदा, 15 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा के अतर्रा कस्बे में चोरी की दो बड़ी घटनाओं का पुलिस ने रविवार को सनसनीखेज खुलासा किया है। चोरी की वारदातों में किसी बाहरी गिरोह का नहीं, बल्कि पड़ोस में रहने वाली एक बाल अपचारी लड़की निकली। उसने अपने साथी युवक के साथ मिलकर पड़ोसियों के दो घरों को निशाना बनाया और करीब 80 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के खानदानी जेवरात चोरी कर लिए। पुलिस ने आरोपित युवक को गिरफ्तार कर बाल अपचारी लड़की को संरक्षण में लिया है। उनकी निशानदेही पर चोरी के सभी जेवरात और चोरी के जेवर बेचकर खरीदी गईं दो महंगी मोटरसाइकिलें बुलेट और पल्सर भी बरामद की गई हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने रविवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि अतर्रा कस्बे के बजरंगनगर निवासी रोहित ने 13 नवंबर को अपने घर से सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने की सूचना पुलिस को दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीमों का गठन कर चोरों की तलाश शुरू की गई। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ यक्ष ऐप और अन्य तकनीकी माध्यमों से साक्ष्य जुटाए गए। सीसीटीवी फुटेज में एक लड़की हाथ में थैला लेकर घटनास्थल के आसपास जाती दिखाई दी। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान कर तलाश शुरू की। रविवार को पुलिस ने चोरी की वारदात में शामिल चित्रकूट जिले का रहने वाला सत्येंद्र उर्फ सत्यम उर्फ लकी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, उसके साथ शामिल बाल अपचारी लड़की को पुलिस संरक्षण में लिया गया। पूछताछ में बाल अपचारी ने अपने साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उसने यह भी कबूल किया कि दोनों ने इससे पहले 18 जुलाई 2026 को अतर्रा कस्बे में अपने पड़ोसी रूपम के घर में भी चोरी की थी।
पुलिस के मुताबिक, चोरी गए करीब 80 लाख रुपये कीमत के खानदानी जेवरात बाल अपचारी लड़की के घर से ही बरामद हुए हैं। पूछताछ में सामने आया कि चोरी के कुछ जेवरात बेचकर दोनों ने दो मोटरसाइकिलें खरीदी थीं। पुलिस ने एक बुलेट और एक पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस ने दोनों चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण कर लिया है। गिरफ्तार युवक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि बाल अपचारी के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

