झाबुआ: पूर्व सरपंच की गोली मारकर हत्या; क्षेत्र में दहशत का वातावरण, जांच में जुटी पुलिस
झाबुआ, 08 अप्रैल (हि.स.)।मध्य प्रदेश के जनजातीय बाहुल्य झाबुआ जिला के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम आमली फलिया में बुधवार देर शाम घटित हुई एक सनसनीखेज वारदात में गांव के पूर्व सरपंच बापूसिंह वाखला की अज्ञात हमलावर द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद समूचे क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई, और दहशत का वातावरण निर्मित हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, और मामला दर्ज कर विभिन्न बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी गई। आरंभिक रुप से मिली जानकारी अनुसार हत्या के पीछे आपसी विवाद की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार गांव के कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है, साथ ही इस खूनी वारदात के अन्य बिंदुओं पर भी जांच शुरू कर दी गई है। इस बीच मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा

