home page

जबलपुर में देर रात सनसनीखेज वारदात, युवक की चाकू मारकर हत्या, पुरानी रंजिश में घर के बाहर घेरा

 | 
जबलपुर में देर रात सनसनीखेज वारदात, युवक की चाकू मारकर हत्या, पुरानी रंजिश में घर के बाहर घेरा


जबलपुर, 14 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में बेखौफ बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। गोहलपुर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात 20 साल के एक युवक की चाकुओं से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। बदमाशों ने युवक को उसके घर के पास ही घेरा और गले व चेहरे पर ताबड़तोड़ वार किए। जबलपुर में पिछले तीन दिनों के भीतर यह हत्या की दूसरी बड़ी वारदात है, जिससे पूरे शहर में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान समता कॉलोनी निवासी भावेश वीरानी (20 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि भावेश देर रात अपने घर के पास टहल रहा था, तभी बाइक सवार तीन युवक अरुण, आयुष और शिव वहां पहुंचे। आरोपियों ने पुरानी रंजिश को लेकर भावेश से विवाद शुरू किया और देखते ही देखते चाकुओं से हमला कर दिया। मृतक के भाई धनंजय वीरानी ने बताया कि करीब छह महीने पहले भावेश का अरुण और उसके साथियों के साथ झगड़ा हुआ था। उस समय भी मारपीट हुई थी और उसी का बदला लेने के लिए आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया।

हमले के बाद भावेश लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा और आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर गोहलपुर थाना प्रभारी रीतेश पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। भावेश को तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी सहित आला अधिकारी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और परिजनों से जानकारी ली। पुलिस ने तीनों आरोपियों (अरुण, आयुष और शिव) के खिलाफ नामजद हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने भी आरोपियों की पहचान की है।

शहर में लगातार बढ़ रही चाकूबाजी और हत्या की घटनाओं से पुलिस की गश्त पर सवाल उठ रहे हैं। बता दें कि इससे पहले संजीवनी नगर में भी एक युवक की हत्या हुई थी, जिसके आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। फिलहाल, पुलिस की अलग-अलग टीमें फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत