home page

मंदिर परिसर में मांस से भरा कट्टा मिलने से मचा हड़कंप, पुलिस ने संभाला मोर्चा

 | 
मंदिर परिसर में मांस से भरा कट्टा मिलने से मचा हड़कंप, पुलिस ने संभाला मोर्चा


अजमेर, 12 सितंबर (हि.स.)। नेशनल हाईवे स्थित पालरा गांव के मंदिर परिसर में शनिवार को प्लास्टिक के कट्टे में मांस के टुकड़े मिलने से हड़कंप मच गया। मंदिर परिसर में संदिग्ध कट्टा पड़ा होने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही आदर्श नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से समझाइश कर स्थिति को संभाला। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

आदर्श नगर थाने के एएसआई पवन कुमार ने बताया कि मंदिर परिसर में संदिग्ध प्लास्टिक का कट्टा मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर जांच की गई तो कट्टे के अंदर मांस के टुकड़े पाए गए। मामले में महेंद्र सिंह की ओर से शिकायत दी गई है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मौके पर पहुंची एफएसएल टीम ने मांस के नमूने लिए हैं। अब जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मांस किस जानवर का है। पुलिस ने नमूनों को जांच के लिए भेजने की कार्रवाई की है।

फिलहाल मांस की पहचान को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पुलिस खंगाल रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि प्लास्टिक का कट्टा मंदिर परिसर में कौन छोड़कर गया था। पुलिस आसपास के रास्तों और संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े फुटेज की भी जांच कर रही है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश की स्थिति बनी, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर समझाइश की और स्थिति को शांत कराया।

पुलिस के अनुसार क्षेत्र में फिलहाल शांति व्यवस्था कायम है। अब एफएसएल जांच रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित