मदरसे के पास बम मिलने से इलाके में हड़कंप
कूचबिहार, 08 अप्रैल (हि. स.)। कूचबिहार में बुधवार को गुरियाहाटी दो ग्राम पंचायत के नेहरू नगर इलाके में एक सरकारी मॉडल मदरसे के पास बम मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। के ठीक बगल में यह संदिग्ध बम बरामद हुई।
मिली जानकारी के अनुसार, एक सीमेंट दुकान के पास पड़े प्लास्टिक बैग में बम मिला। खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और मदरसे के छात्र-शिक्षकों समेत स्थानीय लोग दहशत में आ गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बेहद सावधानी से बम को बरामद कर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। उस समय मदरसे में कक्षाएं चल रही थी, ऐसे में किसी हादसे की आशंका से लोग सहम गए।
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए है और यह जांच की जा रही है कि बम किसने और किस मकसद से वहां रखा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटना पहले कभी नहीं हुई। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच में जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

