home page

कल्वर्ट के नीचे जला शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका

 | 
कल्वर्ट के नीचे जला शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका


किशनगंज, 24 मार्च (हि.स.)। जिले के टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र अंतर्गत मटियारी पंचायत के नृत्यशाला गांव में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई।

निर्माणाधीन हाईवे किनारे अर्धनिर्मित कल्वर्ट पुल के नीचे एक अज्ञात युवक का बुरी तरह जला हुआ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, सुबह गांव के कुछ लोग रोजाना की तरह काम पर जा रहे थे। इसी दौरान निर्माणाधीन हाईवे के पास तेज दुर्गंध आने पर जब उन्होंने आसपास तलाश की तो कल्वर्ट के नीचे जला हुआ शव पड़ा देखा। दृश्य देख ग्रामीणों के होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना टेढ़ागाछ थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, शव पूरी तरह जल चुका है, जिससे मृतक की पहचान कर पाना फिलहाल मुश्किल हो गया है। मृतक की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। घटनास्थल से कोई पहचान पत्र, मोबाइल या अन्य सामान बरामद नहीं हुआ है। प्रारंभिक जांच में हत्या के बाद शव को जलाकर साक्ष्य मिटाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि युवक की हत्या कहीं और कर शव यहां फेंका गया या घटना स्थल पर ही वारदात को अंजाम दिया गया।

टेढ़ागाछ थाना अध्यक्ष मोहम्मद इजहार आलम ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है, जो मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच करेगी। साथ ही आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाली जा रही है। घटना के बाद नृत्यशाला गांव सहित आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द मामले का खुलासा कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह