home page

नोएडा श्रमिक हिंसा मामले में वरिष्ठ पत्रकार सहित दो पर लगा एनएसए

 | 
नोएडा श्रमिक हिंसा मामले में वरिष्ठ पत्रकार सहित दो पर लगा एनएसए


नोएडा, 13 मई (हि.स.)। नोएडा में 13 अप्रैल को वेतन बढ़ाने को लेकर लिए हुए श्रमिकों को हिंसक प्रदर्शन के मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों लखनऊ के रहने वाले वरिष्ठ पत्रकार सत्यम वर्मा और आकृति पर नोएडा पुलिस ने राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि दोनों आरोपी मजदूर बिल्कुल दस्ता के सक्रिय सदस्य है। इन लोगों ने श्रमिक आंदोलन के दौरान हुए हिंसक प्रदर्शन, आगजनी एवं अराजकता फैलाने में अहम भूमिका निभाई थी। इनके द्वारा कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को भड़काकर लोक व्यवस्था को छिन्न-भिन्न करने का प्रयास किया गया था। दोनों आरोपी मौजूदा समय में जेल में बंद हैं तथा अपनी जमानत करवाने का प्रयास कर रहे थे।

हिंसक प्रदर्शन के दौरान कई स्थानों पर आगजनी, हंगामा और सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की गई थी। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि मामले में शामिल अन्य संदिग्धों की पहचान की जा रही है और अराजकता फैलाने या अफवाहें प्रसारित करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने बयान जारी कर कहा कि शांति, सुरक्षा और जनसुविधा बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा कानून व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी