home page

चकबंदी विभाग का वरिष्ठ सहायक एवं पेशकार 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

 | 
चकबंदी विभाग का वरिष्ठ सहायक एवं पेशकार 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार


मुरादाबाद, 08 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन ब्यूरो) की टीम ने मंगलवार को जिले में चकबंदी विभाग के वरिष्ठ सहायक एवं पेशकार सुभाष चंद्र को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपित अपने कार्यालय में एक आदेश को ऑनलाइन न्यायालय की वेबसाइट पर अपलोड कराने के एवज में रिश्वत मांग रहा था। टीम ने कार्रवाई के बाद आरोपित के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई है। गिरफ्तार आरोपित को बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक (नगर) कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि रिश्वत लेते पकड़ा गया आरोपित सुभाषचंद्र (55) चकबंदी विभाग में वरिष्ठ सहायक एवं पेशकार के पद पर तैनात है। मूंढापांडे थाना क्षेत्र के गनेशघाट निवासी ओमवीर सिंह का चकबंदी विभाग में जमीन से संबंधित वाद चल रहा था। वाद का निस्तारण 17 अप्रैल 2026 को हो गया था, लेकिन आदेश को अभी तक ऑनलाइन अपलोड नहीं किया गया था। किसान ओमवीर सिंह ने पेशकार सुभाष चन्द्र से संपर्क किया तो आदेश को ऑनलाइन करने के नाम 50 हजार रुपये की मांग की। इसके बाद किसान ने एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम से संपर्क किया।

मंगलवार की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे टीम ने किसान को 50 हजार रुपये लेकर पेशकार के पास भेज दिया। जैसे ही किसान ने पेशकार को रुपये दिए तो एंटी करप्शन ब्यूरो टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से चकबंदी विभाग के कार्यालय में हड़कंप मच गया। टीम उसे पकड़कर थाने ले गई। पूछताछ में आरोपित सुभाष चंद्र ने बताया कि वह सहारनपुर के सदर थाना क्षेत्र के हकीकत नगर मोहल्ला निवासी है। वर्तमान में वह नागफनी थाना क्षेत्र में कौशल्या इंटर कॉलेज के पास रहता है। बुधवार को आरोपित को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल