सेल्समैन की हत्या में फरार आरोपित गिरफ्तार
लखनऊ, 12 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद में सोमवार को शराब ठेके के सेल्समैन की पीटकर हत्या के मामले में फरार आरोपित को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है। शराब न देने के विरोध में उसने लोहे के पाइप से पीटकर सेल्समैन काे मौत के घाट उतारा था।
अपर पुलिस उपायुक्त (उत्तरी) ट्विंकल जैन ने पत्रकारों का बताया कि सैय्यद बाड़ा निवासी अजय जायसवाल उर्फ रिंकू (35) मलिहाबाद थाना क्षेत्र स्थित ग्राम ढे़ढेंमऊ स्थित सरकारी ठेका शराब की दुकान पर कार्य करता था। पास में ही नन्हक्के भी रहता है। 11 मई को वह सुबह के समय शराब खरीदने के लिए ठेके पर पहुंच गया। ठेका बंद होने की बात को लेकर उसका सेल्समैन अजय से विवाद हो गया। इसी बात से आक्रोशित होकर अभियुक्त नन्हक्के ने पास में पड़ी लोहे के पाइप से अजय के सिर पर कई वार किये, जिससे उसकी मृत्यु हो गयी। बीच-बचाव करने आये रज्जन लाल को भी अभियुक्त ने लोहे की पाइप से मारपीट कर घायल कर दिया । घटना के बाद अभियुक्त ने लोहे की पाइप को तालाब किनारे छिपा दिया था, जिसे उसकी निशांदेही पर बरामद किया गया। सेल्समैन अजय की हत्या की तहरीर पत्नी हेमा ने पुलिस में देते हुए आरोपित नन्हक्के कश्यप के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। फिलहाल पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

