सागरः जमीन के अंदर गाड़कर छिपाया गया महुआ लहान का बड़ा जखीरा बरामद, महिला पर केस दर्ज
सागर, 15 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में मालथौन थाना पुलिस ने रविवार को सतर्कता दिखाते हुए ग्राम धोरईखास में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने आरोपियों द्वारा जमीन के नीचे गड्ढा खोदकर छिपाए गए अवैध महुआ लहान के एक बड़े जखीरे को खुदाई कर बाहर निकाला है।
मालथौन थाना प्रभारी दिनेश भोजक ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम धोरईखास में बड़े पैमाने पर कच्ची शराब बनाने की तैयारी चल रही है। सूचना की पुष्टि होने पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गांव के 06 अलग-अलग संदिग्ध ठिकानों पर एक साथ दबिश दी।
तलाशी के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपियों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए महुआ लहान को जमीन के अंदर गाड़ रखा है। पुलिस टीम ने संदिग्ध जगहों की बारीकी से जांच की और खुद खुदाई कर जमीन के नीचे छिपाई गईं 15 से 16 लीटर क्षमता वाली कुल 20 प्लास्टिक की कुप्पियां (डिब्बे) बरामद कीं। इन सभी कुप्पियों में शराब बनाने के लिए तैयार किया गया महुआ लहान भरा हुआ था, जिसकी कुल मात्रा लगभग 300 से 320 लीटर के आसपास है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी अनुसार अवैध रूप से महुआ लहान का संग्रहण करने के मामले में पुलिस ने मौके से 40 वर्षीय महिला आरोपी शीला बंजारा (निवासी ग्राम धोरईखास) को चिन्हित किया है। आरोपी महिला के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई को सफल बनाने में थाना प्रभारी मालथौन दिनेश भोजक की सटीक रणनीति और सूक्ष्म सूचना संकलन की मुख्य भूमिका रही। उनके साथ प्रधान आरक्षक रघुवीर तिवारी, महिला प्रधान आरक्षक दीपा, आरक्षक भानु, आरक्षक स्वदेश, आरक्षक हर्ष यादव और आरक्षक अभिषेक ने मौके पर कड़ी मेहनत कर जमीन से माल बरामद करने में सराहनीय योगदान दिया।
सागर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कहीं भी अवैध शराब का निर्माण, भंडारण या बिक्री हो रही है, तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाने को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

