राजगढ़ः गोदाम से 800 बोतल तेजाब जब्त, आरोपित गिरफ्तार
राजगढ़, 18 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के जीरापुर थाना पुलिस ने शनिवार की रात बिना लाइसेंस तेजाब का भंडारण कर बिक्री करने के मामले में एक आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की है। नर्मदेश्वर कॉलोनी स्थित गोदाम से 40 कार्टून में रखी एक लीटर क्षमता की 800 बोतल तेजाब जब्त की गई है, जिसकी कीमत 16 हजार रुपये बताई गई है।
थाना प्रभारी हुकुमसिंह मीणा ने रविवार को बताया कि मुखबिर की सूचना पर बीती रात नर्मदेश्वर कॉलोनी निवासी राकेष पुत्र नरेन्द्र मिश्रा के गोदाम पर दबिष दी। तलाशी के दौरान खाकी रंग के 40 कार्टून मिले। इनमें एक-एक लीटर क्षमता की 20-20 बोतलें रखी थीं। इस तरह कुल 800 बोतल तेजाब बरामद हुआ। जहर अधिनियम के तहत केस दर्ज पुलिस के मुताबिक, बिना लाइसेंस तेजाब का भंडारण और बिक्री के लिए रखना तथा इससे मानव जीवन को खतरा होने की आशंका के चलते आरोपित के विरुद्ध जहर अधिनियम, 1919 की धारा 2/6 और धारा 286 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

