home page

(अपडेट) मामूली विवाद में नाबालिग की चाकू मारकर हत्या, दो नाबालिग पकड़े

 | 

नई दिल्ली, 25 जून (हि.स.)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके में 17 वर्षीय नाबालिग की चाकू मारकर हत्या करने के मामले को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने वारदात में शामिल दो नाबालिग को पकड़ लिया है, जबकि उनके एक अन्य साथी की तलाश जारी है।

आरोपितों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है। पुलिस के अनुसार, 24 जून की रात करीब नौ बजे गौतमपुरी की गली नंबर-4 में एक युवक को चाकू मारने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि घायल को उसका चचेरा भाई जेपीसी अस्पताल लेकर गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान गौतमपुरी निवासी 17 वर्षीय लकी कुमार के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलते ही क्राइम टीम और फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मामले में सीलमपुर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि , सीलमपुर थाना और स्पेशल स्टाफ की संयुक्त टीमों ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान दो संदिग्ध किशोरों की पहचान हुई, जिनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर उन्हें पकड़ लिया गया।

पूछताछ में दोनों नाबालिगों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उन्होंने बताया कि घटना वाले दिन पहले उनका मृतक लकी कुमार से किसी मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था। बाद में इसी रंजिश में उन्होंने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। मामले में फरार तीसरे आरोपित की तलाश के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। जांच अभी जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी